mohan yadav

मध्यप्रदेश की मोहन सरकार 6 मई को बाजार से फिर उठायेगी 5 हजार करोड़ का नया कर्ज

वित्तीय स्थिति में बढ़िया, परन्तु कर्ज राशि बढ़ी

भोपाल. मध्यप्रदेश की मोहन सरकार 6 मई को रिजर्व बैंक के मुम्बई कार्यालय के माध्यम से अपनी गवर्मेन्ट सिक्युरिटी का विक्रय कर बाजार से 5 हजार करोड़ रुपयों का नया कर्ज उठायेगी। यह कर्ज वर्तमान वित्त वर्ष 2025-26 में पहला कर्ज होगा। नया कर्ज दो हिस्सों में लिया जायेगा जिसमें पहला कर्ज ढाई हजार करोड़ रुपयों का होगा जिसे 12 साल बाद चुकाया जायेगा जबकि दूसरा कर्ज भी ढाई हजार करोड़ रुपयों का होगा जिसे 14 साल बाद अदा किया जायेगा। दोनों ही कर्ज पर साल में दो बार कूपन रेट पर ब्याज का भुगतान किया जायेगा। उल्लेखनीय है कि पिछले वित्त वर्ष 2024-25 में राज्य सरकार ने बाजार से कुल 61 हजार करोड़ रुपयों का कर्ज लिया था।

वित्तीय स्थिति में बढ़िया, परन्तु कर्ज राशि बढ़ी :

उक्त 5 हजार करोड़ रुपये के कर्ज उठाने के लिये राज्य सरकार ने अपनी वित्तीय स्थिति बताई है, वह बढ़िया है। उसने वर्ष 2024-25 में राजस्व आय, राजस्व व्यय से अधिक बताई है जोकि 1025 करोड़ 91 लाख रुपये ज्यादा है। लेकिन कुल कर्ज की राशि में वृध्दि हो गई है जोकि 31 मार्च 2025 की स्थिति में 4 लाख 21 हजार 740 करोड़ 27 लाख रुपये बताई है।

Scroll to Top