हरदा। जिले के नीमगांव में विश्नोई समाज के सामूहिक विवाह समारोह में पूर्व सांसद जसवंत सिंह बिश्नोई (राजस्थान जीव जंतु बोर्ड अध्यक्ष) तथा विधायक अजय बिश्नोई मध्यप्रदेश विशेष रूप से शामिल होंगे। विश्नोई समाज का 35वां सामूहिक विवाह समारोह 30 मार्च 2026, सोमवार को आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम श्री जम्भेश्वर मंदिर, नीमगांव में संपन्न होगा।
सामूहिक विवाह समिति के अध्यक्ष अजय खोड़ एवं सभा के सचिव बलराम झुरिया ने बताया कि भगवान श्री जम्भेश्वर की कृपा से आयोजित इस समारोह में क्षेत्र के अनेक जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधेंगे। उन्होंने कहा कि विश्नोई समाज द्वारा प्रतिवर्ष इस तरह के सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए जाते हैं, जिससे समाज में जागरूकता बढ़ी है और अनावश्यक खर्चों पर रोक लगी है।
उन्होंने आगे बताया कि इस आयोजन में समाज के सभी सदस्यों का पूर्ण सहयोग रहता है, जिसके चलते यह कार्यक्रम एक पारिवारिक उत्सव का रूप ले चुका है और सामाजिक एकता को भी मजबूती मिल रही है।













