नगर पालिका परिषद इटारसी द्वारा प्रस्तावित किराया वृद्धि के विरोध में संयुक्त व्यापार महासंघ द्वारा बुधवार को व्यापारियों ने नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे से भेंट कर ज्ञापन सौंपा। महासंघ अध्यक्ष दीपक हरिनारायण अग्रवाल ने अध्यक्ष के समक्ष प्रमुख बिंदु रखे।
महासंघ अध्यक्ष ने बताया कि पूर्व में कभी वर्गफुट आधार पर किराया नहीं लिया गया। अब प्रस्तावित 3 रुपये प्रति वर्गफुट वृद्धि से अधिकांश दुकानदारों का किराया 100-130 प्रतिशत तक बढ़ रहा है, जो अत्यधिक है। उन्होंने पूर्व रसीदों की फोटोकॉपी और नोटिस की प्रतियां सौंपी, जिसे अध्यक्ष ने स्वीकार किया।इसके अलावा, किराया नोटिस और माईक उद्घोषणा की असम्मानजनक भाषा पर भी आपत्ति जताई गई।
चर्चा में अध्यक्ष ने तत्काल आरआई पांडे को बुलाकर दुकानों के तुलनात्मक किराया चार्ट बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने आश्चर्य व्यक्त किया और आश्वासन दिया कि वृद्धि का अध्ययन कर दुकानदार हित में समाधान किया जाएगा। साथ ही, 2025-26 का किराया जमा करने की कोई बाध्यता नहीं रहेगी।कार्यक्रम में महासंघ सचिव सनमुखादास चेलानी, कोषाध्यक्ष राजेंद्र बबलू अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और व्यापारी उपस्थित रहे।



