हरदा । सरकारी कामकाज में विभागीय समन्वय नहीं होने के कारण किसानों को गेहूं फसल उपार्जन का पंजीयन करने अंतिम तिथि तक परेशान होना पड़ा । पटवारियों द्वारा फसल गिरदावरी समय सीमा में दर्ज करने ओर गिरदावरी एप पर फसल दर्ज होने के बाद भी खाद्य विभाग के पोर्टल पर फसल प्रदर्शित नहीं होने के कारण किसान कृषि विभाग, खाद्य विभाग, सोसायटी ओर पटवारियों के चक्कर लगाते रहे ओर पंजीयन से वंचित रह गये ।
क्षेत्रीय विधायक आर के दोगने ने विभागीय लापरवाही के चलते किसानों के फसल उपार्जन पंजीयन से वंचित रहने पर पंजीयन तिथि बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि शासन जब तक गिरदावरी ओर पंजीयन का डाटा मैच ना हो तब तक किसानों के पंजीयन करने की व्यवस्था करें। इसके साथ ही किसानों को अलग अलग विभागों के चक्कर लगाकर परेशान ना होना पड़े इसकी व्यवस्था भी करना चाहिए ।
गौरतलब है कि शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर पहले 7 मार्च तक पंजीयन की घोषणा की गई थी जिसे बढ़ाकर 10 मार्च किया गया था । अब भी पंजीयन पोर्टल पर गिरदावरी का डाटा अपलोड नहीं होने के कारण सैकड़ों किसान फसल पंजीयन से वंचित रह गये है ऐसे में किसानों को समर्थन मूल्य से कम पर बाजार में अपनी उपज बेचना पड़ेगी ओर नुकसान भुगतना होगा ।












